कक्षाओं में शिक्षा की आधुनिक टेक्नोलॉजी के प्रयोग पर चर्चा
डाइट जुखाला में प्रधानाचार्यों व प्रवक्ताओं के लिए कार्यशाला आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
जुखाला (बिलासपुर)। जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) जुखाला में आयोजित कार्यशाला में जिले की 33 वरिष्ठ पाठशालाओं के प्रधानाचार्यों, वरिष्ठ प्रवक्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त विवेक भाटिया ने की।
आईसीटी की कार्यशाला में स्रोत व्यक्ति के रूप में डॉ. संजय शर्मा और अनिता शर्मा ने राज्य समन्वयक के रूप में हिस्सा लिया। डाइट जुखाला के प्रधानाचार्य अशोक शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वगत किया। कार्यशाला में मुख्य तौर पर राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण स्वयम सिद्दम पोर्टल से संबंधित पोर्टल और विषय वस्तु का प्रस्तुतीकरण और आईसीटी से संबंधित पहले चरण की पाठशालाओं की स्थिति से संबंधित चर्चा और कक्षाओं में आधुनिक टेक्नोलॉजी का प्रयोग आदि पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।