स्वारघाट (बिलासपुर)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर कल्लर के पैट्रोल पंप के समीप चढ़ाई पर भारी भरकम मशीन को लेेकर जा रहे ट्राले के पलट जाने से हाईवे तीन घंटे के लिए पूरी तरह से बंद हो गया। वाहनों के पहिये पूरी तरह से थम गए। जाम में सरकारी व निजी बसों सहित सैलानी भी फंसे रहे। ट्रैफिक पुलिस ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को बहाल करवाया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। हाईवे के दोनों ओर दो से तीन किलो मीटर तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं।
जानकारी के अनुसार कल्लर पेट्रोल पंप के समीप बिलासपुर से स्वारघाट की तरफ एक ट्राला (आरजे22ए-2901) भारी मशीन लादकर जा रहा था लेकिन जैसे ही ट्राला कल्लर की चढ़ाई चढ़ने लगा तो अचानक ही वह पीछे हट गया। चालक ने चौकसी दिखाते हुए ट्राले को पहाड़ की तरफ मोड़ दिया, जिससे वह साथ लगती नाली में ट्राले के टायर जाने वह बीच हाईवे में ही लुढ़क गया। हालांकि मोड़ के पीछे एक गहरी खाई थी, लेकिन चालक ने ट्राले को पहले ही पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया था। यह हादसा सुबह करीब नौ बजे हुआ है। ट्राले के हाईवे पर पलट जाने से देखते ही देखते दोनों और लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस के जवान क्रेन लेकर मौके पर पहुंच गए। इसकेे बाद ट्राले को सड़क से हटाने का कार्य शुरू किया गया लेकिन जाम में कई सरकारी व निजी बसों सहित सैलानी फंस गए थे। करीब 12 बजे के बाद यातायात पूरी तरह से बहाल हो पाया है।
ट्रैफिक पुलिस के इंचार्ज सुदर्शन कुमार की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को बहाल करवाया। उन्होंने बताया कि बिलासपुर से स्वारघाट की तरफ ट्राला जा रहा था। अचानक कल्लर स्थान में चढ़ाई पर जाते हुए पीछे हट गया। इस कारण कल्लर मोड़ के अंदर की तरफ पलट गया। हालांकि इस दुर्घटना में किसी को चोट नहीं आई है। ट्राले का चालक बाल-बाल बच गया है।
------------------