घुमारवीं (बिलासपुर)। जाहू-चंडीगढ़ नॉन स्टॉप बस सेवा को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेंद्र गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक ने बताया कि लोगों कि मांग थी कि इस रूट पर नॉन स्टॉप बस सेवा आरंभ की जाए। परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर को लोगों की इस मांग से अवगत कराया गया था। परिवहन मंत्री ने इस रूट पर बस चलाने की स्वीकृति प्रदान की। घुमारवीं क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं प्रदान करने के लिए इससे पूर्व ई-टैक्सी की सुविधा प्रदान की गई है। भविष्य में लोगों को और बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए व्यापक प्रयास किए जाएंगे।
क्षेत्रीय प्रबंधक हिमाचल पथ परिवहन निगम पवन शर्मा ने बताया कि यह बस प्रतिदिन जाहू से प्रात: 5:15 बजे चलेगी। 6:15 बजे घुमारवीं, सात बजे बिलासपुर से चलकर 11 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। चंडीगढ़ से यह बस दोपहर 2:35 बजे चलेगी और बिलासपुर सायं 6:45 बजे पहुंचेगी। घुमारवी से सायं 7:15 बजे चलकर रात्रि 8:15 बजे जाहू पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि जाहू से चंडीगढ़ नॉन स्टॉप बस वाया बलद्वाड़ा, कुठेड़ा, मोरसिंघी, दरिण-दावला से होते हुए अपने गंतव्य पर पहुंचेगी।