बिलासपुर। 34वें राज्य स्तरीय युवा उत्सव के पहले दिन विभिन्न जिलों से आए कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। दोपहर 2:30 बजे से प्रतियोगिताओं का दौर शुरू हो गया। शास्त्रीय गायन, हारमोनियम वादन, लोकगीत व लोकनृत्य आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जबकि एकांकी प्रतियोगिताओं का आयोजन देर रात नौ बजे तक जारी रहा।
सामूहिक लोकगीत-ख वर्ग प्रतियोगिता में मंडी जिला के प्रतिभागियों ने दुधा छोलने दिया... लोकगीत की प्रस्तुति दी। वहीं, सोलन जिला के प्रतिभागियों ने हिमाचल की सुंदरता को अपने मधुर गायन में समेटे हुए सोहणा लगो हिमाचल... की खूबसूरत प्रस्तुति दी।
ऊना जिला के प्रतिभागियों ने ऊना की ग्रामीण लोक संस्कृति के दर्शन अपने लोकगीत बाजरे दा सिट्टा... में करवाए। वहीं शिमला जिला के प्रतिभागियों ने सोणयो बुधवा मामा... की प्रस्तुति दी। जबकि सिरमौर जिला के प्रतिभागियों ने फुल्ली घरों रा फुलटू... लोकगीत प्रस्तुत किया। वहीं क वर्ग के लोकनृत्यों की प्रतियोगिता में कांगड़ा जिला के प्रतिभागियों ने अपने लोकनृत्य में कांगड़ा के प्रसिद्ध चमाकड़ा नृत्य बेहद मनोरंजक ढंग से प्रस्तुत किया।
वहीं, बिलासपुर के प्रतिभागियों ने दीप चंद राजा बिलासपुरे रा ब्याहणे कुल्लू जो आया... और मारकंडे रे मेले जो अस्सा जाईं लेणा फेरा पाई लेणा... जैसे गीतों पर लोकनृत्य प्रस्तुत कर बिलासपुर और कुल्लू जिला की रिश्तेदारी व उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मार्कंडेय के मेले का इतिहास दर्शकों को समझाने का सुंदर ढंग से प्रयास किया। वहीं चंबा जिला के प्रतिभागियों ने जब चंबयाली नृत्य प्रस्तुत किया तो पंडाल में उपस्थित दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का जोश बढ़ाया। कुल्लू जिला के प्रतिभागियों ने कुल्लू की नाटी व देवताओं के समक्ष किए जाने वाले नृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों की भरपूर तालियां बटोरीं। किन्नौर के प्रतिभागियों ने किन्नौरी नृत्य पेश किया। मोहन राठौर, डॉ. सूरत ठाकुर और डॉ. गुलेरिया ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।
लुहणू मैदान में स्थित कहलूर इंडोर स्टेडियम में शास्त्रीय गायन व हारमोनियम प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शास्त्रीय गायन प्रतियोगिता में कांगड़ा की आरती डोगरा, चंबा के शुभम, कुल्लू के समीर गोविंद, शिमला से गूंजन चन्ना, किन्नौर से दीपक मेहता, सोलन से मेघा शर्मा, सिरमौर से मनीष व मंडी से ऋषि भारद्वाज ने प्रस्तुति दी। हारमोनियम प्रतियोगिता में कुल्लू से विद्यासागर, सोलन से किशोर कुमार, सिरमौर से राजेश कुमार व शिमला से बृजमोहन ने भाग लिया।