अमर उजाला ब्यूरो
श्री नयना देवी (बिलासपुर)।
श्री नयनादेवी में श्रावण अष्टमी मेले को लेकर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है। मेले के दूसरे दिन 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेका और अपने और परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। दोपहर बाद एकाएक श्रद्धालुओं की भीड़ को बढ़ते देख सुरक्षाकर्मी भी मुस्तैद हो गए थे। श्रावण अष्टमी मेले में देश विदेश और पड़ोसी राज्यों से आने वाले श्रद्धालु दिल खोलकर दान कर रहे हैं। मेले के प्रथम दिन मंदिर न्यास को 15 लाख 3 हजार पांच सौ दस रुपये नकद चढ़ावा मिला है। जबकि 55 ग्राम सोना और तीन किलो पांच सौ ग्राम चांदी भक्त मां के चरणों में अर्पित किया। दोपहर बाद हुई नयनादेवी मंदिर में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर से लेकर सिंह द्वार तक जगह-जगह 50 से 100 मीटर की दूरी पर बैरियर लगाए गए थे। इसके अलावा अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं मेला अधिकारी विनय कुमार ने मेले के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वर्तमान में 62 अस्थायी लंगर टोबा से मंदिर तक रास्तों में खोलने की अनुमति दी गई है। कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद को भी नालियों साफ रखने और गंदगी से बचाव के लिए चुना और क्लोरिन पाउडर डालने सहित के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चार टैक्सियों को घवांडल से न्यू बस अड्डे तक 20 रुपये प्रति सवारी आने की अनुमति दी गई है। तय सीटों से ज्यादा सवारियां ले जाने पर ऑपरेटरों पर कार्रवाई भी होगी।