अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर।
जिला में पर्याप्त बारिश होने के बावजूद शहर के कई इलाकों में लोगों को जल संकट से जूझना पड़ रहा है। हालत यह है कि लोगों को प्राकृतिक पेयजल स्रोतों और पानी के टैंकर मंगवाकर गुजारा करना पड़ रहा है। आईपीएच विभाग मोटरों के खराब होने की बात कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्लू झाड़ लेता है।
शहर के रौड़ा सेक्टर में चार दिन से पानी की आपूर्ति न के बराबर हो रही है। इससे लोगों में पानी के लिए हाहाकार मच गया है। मजबूरी में लोगों को पानी का इंतजाम करने के लिए जदोजहद का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी राजकुमार, गीता देवी, जगमोहन, अश्वनी सांख्यान, राजेश कुमार, जोधाराम और संजय कुमार ने बताया कि क्षेत्र में पिछले चार-पांच दिन से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। अगर पानी आता भी है, तो उसकी मात्रा इतनी कम है कि उससे गुजारा करना मुश्किल है। लोगों ने बताया कि इस बारे में विभाग को कई बार अवगत करवाया जा चुका है। मगर इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। विभाग समस्या को लेकर बार-बार मशीनरी खराब होने को जिम्मेवार ठहराता है। इसके बावजूद नई मशीनरी की व्यवस्था को लेकर कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आईपीएच विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि समस्या को जल्द हल किया जाए। आईपीएच विभाग के एसडीओ रमन का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र के पंप हाउस का बोरवेल खराब होने से समस्या आई है। उसे ठीक करवाया जा रहा है।