पंजाब, हिमाचल, हरियाणा और दिल्ली से पहुंचे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी(बिलासपुर)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में मंगलवार को पांच हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। बाहरी राज्यों से भारी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शनों के लिए मंदिर पहुंचे और आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट सुबह 4:00 बजे खोल दिए गए थे। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। जत्थों में श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए भेजा जा रहा था। कतारों में खड़े होकर श्रद्धालुओं ने शांति व्यवस्था बनाए रखी और शांति से माता के दर्शन किए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में भी आहुतियां डालीं और सुख समृद्धि की प्रार्थना की। पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली और अन्य प्रदेशों से श्रद्धालु माता जी के दर्शनों के लिए पहुंचे। वहीं प्रशासन की ओर से सुरक्षा की और सुविधा की दृष्टि से पुख्ता प्रबंध किए गए थे, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।