चार नवंबर को होगा समारोह, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को मिलेगा स्म्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश (बिलासपुर)। जिले में चार नवंबर को इंडियन एक्सीलेंस अवाॅर्ड 2026 समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश और देश की 45 विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन लाडली फाउंडेशन, हिमाचल रेनबो स्टार क्लब और गोबिंद सागर एडवेंचर एंड वॉटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में होगा।
समारोह में सामाजिक कार्य, खेलकूद, विज्ञान, स्वास्थ्य, आपसी भाईचारे, कला, संस्कृति, शिक्षा, पर्यटन, साहित्य, पुलिस और पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री, राज्यपाल, जिले के कैबिनेट मंत्री और विधायकों को विशेष रूप से निमंत्रण भेजा जाएगा।
अवाॅर्ड के लिए योग्य विभूतियों का चयन करने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। हाल ही में जिला मुख्यालय बिलासपुर में आयोजित बैठक में हिमाचल रेनबो स्टार क्लब, लाडली फाउंडेशन, हिमालय विकास सेवा संस्था और गोबिंद सागर एडवेंचर एंड वॉटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में लाडली फाउंडेशन की राज्य अध्यक्ष शालू अख्तर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक में इंडियन एक्सीलेंस अवाॅर्ड की तैयारियों के साथ बिलासपुर के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। आयोजकों का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को मंच देकर उनके योगदान को पहचान दिलाना है।