भराड़ी पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। पुलिस थाना भराड़ी टीम की ओर से मालवाहक वाहन में सवारियां ढोने वालों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को पुलिस ने ट्राला जीप को पकड़ा , जिसमें 42 लोग सवार थे। जीप चालक का दस हजार रुपये का चालान किया गया। यह जीप पंजाब की तरफ जा रही थी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को ट्राला जीप में करीब 42 लोगों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। भराड़ी पुलिस ने थाना के बाहर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान जीप को रोका गया और इसकी जांच की गई। भराड़ी थाना प्रभारी अनूप कुमार ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सभी यात्रियों को जीप से उतार कर अन्य वाहन में जाने को कहा। वहीं जीप चालक का दस हजार का चालान किया गया। दोबारा इस तरह मालवाहक वाहन में सवारियां न ले जाने की हिदायत देते हुए जीप को छोड़ दिया गया। भराड़ी थाना प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि ट्राला जीप में करीब 42 यात्री भरे हुए थे। ट्राला चालक का दस हजार रुपये का चालान किया गया है, जबकि यात्रियों को अन्य वाहन में जाने के लिए कहा गया, ताकि किसी प्रकार का कोई हादसा न हो।