घुमारवीं (बिलासपुर)। निहारी, बरठीं वाया कलरमोड़ संपर्क सड़क पर उड़ती धूल से लोग काफी परेशान हैं। धूल उड़ने से सड़क पर कुछ देर के लिए अंधेरा छा जाता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को धूल से काफी परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं बसों में सफर करने वाले लोग भी इस उड़ती धूल से परेशानी झेलते हैं। इस धूल का लोगों के स्वास्थ्य पर सीधा असर पड़ रहा है। सड़क किनारे के दुकानदार और घरों में रहने वाले लोग काफी परेशान हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की टारिंग करने से पहले इस पर मिट्टी डाली गई है जिस कारण मिट्टी ने अब धूल का रूप ले लिया है। इतना ही नहीं सड़क पर पानी का भी छिड़काव नहीं किया जाता है। हालांकि कभी कभार बारिश होने पर धूल से राहत मिलती है। धूल से दुकानों व घरों में बैठना मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों में विनोद सागर, संजीव, कुलतार, पवन वार्ड सदस्य सेउ, मनसा राम, प्रकाश, रमेश, रतन लाल, विशंभर दास, सुभाष इत्यादि ने कहा कि उनका जीना मुश्किल हो गया है। उड़ती धूल से बीमारियां पनपने का भी खतरा बना हुआ है। लोगों ने मांग की है कि सड़क पर पानी का नियमित छिड़काव किया जाए और शीघ्र ही टारिंग की जाए। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र इस सड़क पर कार्य शुरू नहीं किया गया तो विभाग का घेराव किया जाएगा।
इनसेट...
ठेकेदार को टारिंग करने के दिए निर्देश
संबंधित ठेकेदार को कई बार पानी का छिड़काव करने के लिए कहा गया लेकिन उन्होंने इस पर कोई कार्य नहीं किया। ठेकेदार को बरसात से पहले सड़क पर टारिंग करने के निर्देश दे दिए हैं। ....शशि कांत, एसडीओ भराड़ी