अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं(बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के तहत आने वाली हटवाड़ पंचायत में लखदाता छिंज कमेटी की ओर से विशाल कुश्ती का आयोजन करवाया गया जिसमें हटवाड़ जिला पार्षद सुभाष ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
कमेटी प्रधान जसवीर सिंह ने बताया कि 33 वर्षों से लोगों की आस्था का प्रतीक हटवाड़ दंगल लोगों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। इस बार भी इस दंगल में 12 लाख की धनराशि खर्च की गई है और लोगों के मनोरंजन के लिए कमेटी द्वारा बेहतर प्रयास किए गए।
उन्होंने बताया कि इस बार कुश्ती में हिमाचल, पंजाब, राजस्थान, यूपी, बिहार, उत्तराखंड, हरियाणा के नामी राज्यस्तरीय पहलवानों ने भाग लिया। पहली कुश्ती सुनील जीरकपुर एंड विनय जम्मू के बीच करवाई गई जिसमें विनय जम्मू विजेता रहे।
दूसरी कुश्ती गन्नी चंबा और भूपेंद्र अजनाला के बीच हुई जिसमें दोनों पहलवानों का कोई नतीजा नहीं निकला और उन्हें बराबरी पर छोड़ दिया गया। वहीं, सबसे मनोरंजन कुश्ती जस्सा पट्टी ने बग्गा दिल्ली के मध्य हुई जिसमें जस्सा पट्टी ने बग्गा को अपने दमखम के आगे चित कर दिया। अंत में विजेता जस्सा पट्टी को 61 हजार और गुर्ज दिया गया और बग्गा को 51 हजार रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर पूर्व जिला पार्षद अध्यक्ष कुलदीप धीमान, छिंज कमेटी उपप्रधान रत्न ठाकुर, सचिव धमेंद्र ठाकुर, कोषाध्यक्ष राजकुमार धीमान, देश राज राव, दलजीज, चंदेल ठाकुर, राकेश ठाकुर, संजीव कुमार, सुनील ठाकुर, प्रकाश ठाकुर उपस्थित रहे।