अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा (बिलासपुर)। बरमाणा में एसीसी गागल कर्मचारी संघ के साधारण अधिवेशन का आयोजन शेर सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया जिसमें प्रदेश इंटक के अध्यक्ष बबलू पंडित, प्रदेश इंटक के उपाध्यक्ष व अधिवक्ता भगत सिंह वर्मा तथा बिलासपुर इंटक अध्यक्ष जयकृष्ण शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिवेशन में एसीसी कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। इस अधिवेशन में एसीसी कर्मचारी संघ के चुनाव जल्द से जल्द करवाए जाने की मांग उठाई।
पूर्व कार्यकारिणी का कार्यकाल सितंबर 2018 को समाप्त हो चुका है लेकिन कुछ स्वार्थी तत्वों ने चुनावों पर षड्यंत्र के तहत रोक लगा दी। जबकि नवंबर 2018 को पूर्व कार्यकारिणी के द्वारा चुनाव घोषित कर दिए गए थे और इस प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्र भी भर दिए गए थे लेकिन चुनावों को एक गहरी साजिश के तहत रोक दिया गया।
इंटक के प्रदेश अध्यक्ष बबलू पंडित ने कहा कि इंटक एक लोकतांत्रिक संगठन है तथा चुनावों को रोकना असंवैधानिक है। पूर्व कार्यकारिणी को आदेश दिए हैं कि पांच दिनों के भीतर चुनाव करवाएं अन्यथा हिमाचल प्रदेश इंटक को हस्तक्षेप करके चुनाव करवाने पड़ेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जो नई कार्यकारिणी चुनाव जीतकर आएगी वही वेतन समझौता भी करवाएगी।
साधारण अधिवेशन में सर्वसम्मति से यह भी निर्णय लिया गया कि उन तीनों कर्मचारियों की सदस्यता को बहाल किया जाए। इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि एसीसी प्रबंधन वर्ग वर्षों से कामगारों के साथ शोषण करता आया है जिसे अब सहन नहीं किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष बबलू पंडित ने पूर्व कार्यकारिणी तथा एसीसी प्रबंधन वर्ग को भी चेताया है कि वह मजदूरों का शोषण करना बंद करे।
अधिवेशन में जिला इंटक महासचिव अमरजीत प्रदेश, युवा इंटक प्रदेश अध्यक्ष राहुल तन्वर, मिड-डे-मील कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रपाल ठाकुर, जिला युवा इंटक के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, जिला व प्रदेश इंटक के अन्य पदाधिकारियों तथा रतन लाल ठाकुर, गंगा सिंह ठाकुर, सतीश ठाकुर, बालक राम, शेरसिंह ठाकुर, नीरज शर्मा, नंदलाल, सुरेंद्र पाल कौशल, सुभाष चंद, शिव सिंह तथा अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया।
----------------