अमर उजाला ब्यूरो
झंडूता(बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विद्युत विभाग उपमंडल झंडूता में करीब दो दर्जन कर्मचारियों के पद रिक्त चल रहे हैं जिस कारण क्षेत्र के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि क्षेत्र के लोगों ने कई बार सरकार से रिक्त पद भरने की भी मांग की लेकिन इसके बाद भी रिक्त पद नहीं भरे जा सके हैं।
उल्लेखनीय है कि विद्युुत विभाग उपमंडल झंडूता के तहत झंडूता, अमरपुर, गेहड़वीं, समोह, नखलेहड़ा सहित पांच सब स्टेशन हैं जिसमें 103 ट्रांसफार्मर आते हैं। 11 हजार के करीब बिजली उपभोक्ताओं के लिए बिजली की बिलिंग, लोगों की बिजली संबंधित शिकायतों का समय पर निपटारा नहीं हो रहा है।
इस समय विभाग के पास जहां कार्यालय के सीनियर असिस्टेंट, दो बिलिंग कर्मचारी, एक जूनियर असिस्टेंट सहित फील्ड कर्मचारियों में फोरमैन, लाइनमैन, असिस्टेंट लाइनमैन, टीमेट सहित करीब दो दर्जन कर्मचारियों के पद रिक्त चल रहे हैं।
उधर, विधुत विभाग उपमंडल झंडूता के सहायक अभियंता विनोद चंदेल के अनुसार विभाग में खाली चल रहे कर्मचारियों के पदों के बारे में विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है। इन रिक्त पदों को भरना उच्चाधिकारियों का कार्य है।