अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। लोगों को अधिक समय तक रसोई गैस के इंतजार के लिए सड़कों पर ज्यादा देर तक खड़ा न रहना पड़े इसके लिए प्रशासन की ओर से संबंधित विभाग को दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि वह गैस वितरित करने वाली गाड़ियों में एक विशेष निर्धारित धुन को प्रसारित करवाना सुनिश्चित बनाएं ताकि गैस उपभोक्ता को गैस प्राप्त करने में सुविधा हो। यह जानकारी उपायुक्त विवेक भाटिया ने प्रशासन में दक्षता लाने के बारे में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि पूरे जिला में अब गैस एजेंसियां गैस वितरित करने वाली गाड़ियों में लाऊड स्पीकर के माध्यम से प्रशासन की ओर से निर्धारित किए गए संदेश व धुन को बजाया जाएगा ताकि लोग उस धुन को सुनते ही समझ जाएं कि गैस वितरक गाड़ी आ गई है और उपभोक्ता आसानी से गैस सिलेंडर प्राप्त कर सके।
उन्होंने जिला के स्कूलों में शिक्षा में गुणवत्ता लाने और शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक सुधार लाने के लिए शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला के ऐसे स्कूलों को चिन्हित करें जिनका परीक्षा परिणाम 70 प्रतिशत से कम रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे स्कूलों पर अधिक फोक्स दिया जाएगा ताकि शतप्रतिशत परिणाम प्राप्त करने के लिए अध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों को और अधिक प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्कूलों में स्वच्छता पर किए जा रहे कार्यों की भी नियमित रिपोर्ट भेजना सुनिश्चित करें।
उन्होंने उपनिदेशक उच्च शिक्षा को यह भी निर्देश दिए कि सभी स्कूल मुखियाओं को निर्देश जारी करें कि स्कूल परिसर की साफ-सफाई के अतिरिक्त व्यक्तिगत स्वच्छता के ऊपर भी विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि शून्य बजट प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए और कृषकों का रुझान इस खेती की ओर बढ़ाने के लिए किसानों को जागरूक करने के लिए ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में शिविर व कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी ताकि अधिक से अधिक किसान ज्ञान प्राप्त करके इसे अपनाकर लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि जिला में फैले डेंगू रोग पर नियंत्रण पाने के लिए प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू की रोकथाम के लिए पंचायत स्तर पर समितियों का गठन किया गया है जो नियमित रूप से निरीक्षण व लोगों को जागरूक कर रही हैं। इस मौके पर केंद्रीय विद्यालय घुमारवीं ई-समाधान, सिंगल विंडो सिस्टम, 70 प्लस पेंशन मामले, स्वीमिंग पुल के अतिरिक्त अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।