अमर उजाला ब्यूरो
स्वारघाट (बिलासपुर)। आटया-पाटया खेल एसोसिएशन जिला बिलासपुर की ओर से जिला स्तरीय खेलकूद ट्रॉयल स्वारघाट में आयोजित किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्वारघाट के खेल मैदान में आटया-पाटया, आमना-सामना जिला बिलासपुर एसोसिएशन की ओर से एक दिवसीय खेलकूद ट्रॉयल कराया गया है जिसमें बिलासपुर जिला के विभिन्न जगह से आए हुए 150 बच्चों ने भाग लिया हैं। बता दें कि उक्त खेल भी कबड्डी खेल की तरह होता है जिसमें 9-9 खिलाड़ी आमने-सामने होते हैं।
आटया-पाटया खेल एसोसिएशन बिलासपुर के जिलाध्यक्ष हरदयाल सिंह ठाकुर ने बताया कि रविवार को स्वारघाट में एक दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद ट्रॉयल आयोजित किया गया है। स्वारघाट में आयोजित किए गए जिला स्तरीय ट्रॉयल में 150 बच्चों ने भाग लिया है। इसमें 48 बच्चे राज्यस्तरीय खेलकूद के लिए चयनित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि हर टीम में 9 खिलाड़ी होते हैं, जबकि 3 खिलाड़ी हर टीम में रिजर्व रखे जाते हैं।
इन्होंने बताया कि अंडर-19 आयु वर्ग में लड़के व लड़कियां तथा अंडर-14 आयु वर्ग के लड़के व लड़कियों का चयन राज्यस्तरीय खेलकूद के लिए किया गया है। आटया-पाटया एसोसिएशन द्वारा राज्यस्तरीय खेलकूद अगले माह 8 और 9 सितंबर को हमीरपुर में आयोजित करवाई जाएगी। खेल एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णलाल चंदेल ने बतौर पर्यवेक्षक शिरकत की है। इनके साथ जिला बिलासपुर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अशोक पाठक, वीरेंद्र ठाकुर, सचिव रूपलाल पाल, सह-सचिव मोहन चंदेल समेत कई लोग मौजूद रहे।