अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। अधिकारी जनमंच कार्यक्रम में लोगों की ओर से प्रस्तुत की गई विभिन्न शिकायतों व समस्याओं का निपटारा हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप करना सुनिश्चित करें ताकि संबंधित व्यक्ति को समय पर अपनी समस्या का समाधान मिल सके।
उपायुक्त विवेक भाटिया ने घुमारवीं विधान सभा क्षेत्र के हटवाड़ में आयोजित होने वाले तीसरे जनमंच कार्यक्रम के लिए विभिन्न विभागों की प्री-जनमंच गतिविधियों व उनके द्वारा की गई प्रगति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। उन्होंने बताया कि जनमंच कार्यक्रम 5 अगस्त को रावमापा हटवाड़ के खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा जिसमें शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनमंच कार्यक्रम के लिए प्रदेश सरकार की ओर से जारी किए गए दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करें और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जब तक लोगों की समस्या का सही समाधान नहीं हो जाता तब तक संबंधित समस्या को लंबित रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनमंच कार्यक्रम से पूर्व सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की चेक लिस्ट तैयार करके योजनाओं का दौरा करेंगे।
इस अवसर पर प्राप्त आवेदन पत्रों में विस्तृत रूप से चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर वस्तु स्थिति के बारे में अवगत करवाने व उनका समाधान निकालने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस दौरान जनमंच के लिए निर्धारित की गई घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की आठ पंचायतें जिनमें कोट, हटवाड़, बंम, पंतेहड़ा, मरहाणा, घंडालवीं, हम्बोट, सलाओं में पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास इत्यादि योजनों का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि जनमंच कार्यक्रम के निर्देशानुसार स्थानांतरण, सरकारी नौकरी के लिए आवेदन, अदालत संबंधी मामले तथा नई योजनाओं से संबंधित आवेदनों को रिकॉर्ड नहीं किया जाएगा क्योंकि यह मामले जनमंच कार्यक्रम के क्षेत्राधिकार में नहीं आते हैं।