अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की टॉप टेन मेरिट सूची में मिनर्वा वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल घुमारवीं के 10वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा के पेपरों में पुनर्मूल्यांकन के बाद स्कूल के चार मेधावी बच्चों ने स्थान प्राप्त किया है। जबकि इससे पहले स्कूल के दो बच्चों ने मेरिट सूची में स्थान हासिल किया था। पेपरों के पुनर्मूल्यांकन के बाद स्कूल के दो बच्चों ने मेरिट सूची में स्थान पाया है। इनमें विवेक कुमार व आलोक गौतम शामिल हैं।
पेपरों के पुनर्मूल्यांकन के बाद विवेक कुमार ने 685 अंक लेकर मेरिट सूची में छठा तथा आलोक गौतम ने 683 अंक प्राप्त कर आठवां स्थान पाया है। इसमें अहम बात यह है कि पेपरों के पुनर्मूल्यांकन के बाद विवेक के 11 तथा आलोक के तीन अंक बढ़े हैं। छात्र विवेक कुमार के पिता शिक्षक हैं तथा माता गृहिणी हैं। विवेक बड़ा होकर इंजीनियर बनना चाहता है। जबकि आलोक गौतम के पिता शिक्षक तथा माता निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। आलोक का स्वप्न बड़े होकर चिकित्सक बनना है। मेधावी बच्चों की इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, परिजनों व क्षेत्र के लोगों में खुशी है।
स्कूल प्रबंधन ने मंगलवार को सादा समारोह आयोजित कर बच्चों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य प्रवेश चंदेल ने बताया कि 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में मिनर्वा स्कूल के चार बच्चों ने मेरिट सूची में स्थान हासिल किया है। इससे पहले स्कूल की शिवानी ने सातवां तथा पुनीत ने दसवां स्थान पाया है।
--------------