बिलासपुर। अपर पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने कोतवाली में बिलासपुर, खजुरिया और मिलक खानम थाने के प्रभारियों को सावन के सोमवार और कांवड़ियों की सुरक्षा के संबंध में निर्देश दिए। साथ ही लंबित विवेचनाओं के निस्तारण के साथ ही रात्रि गश्त बढ़ाने को कहा।
एएसपी ने शनिवार को कोतवाली में सीओ सर्किल के थाना बिलासपुर, मिलक खानम, खजुरिया के थाना प्रभारियों की ओआर के दौरान बैठक ली। उन्होंने बैठक में बारी बारी से सभी थानों के अपराध की समीक्षा की और सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वह लंबित विवेचनाओं को गुणवत्ता के साथ समय से निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि थानों में पीड़ितों की मदद की जाए। उन्होंने कहा कि सावन माह में कांवड़ियों के आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इसलिए सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र के मंदिरों और मंदिर जाने वाले रास्तों का भी निरीक्षण कर लें। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए रूपरेखा तैयार कर लें। उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपराध को रोकने के लिए रात्रि गश्त करें ताकि घटनाओं पर समय रहते अंकुश लग सके। इस मौके पर सीओ सलोनी अग्रवाल, कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र पाल सिंह, खजुरिया थाना प्रभारी ऋषिपाल सिंह, मिलक खानम थाना प्रभारी अमित मान आदि मौजूद रहे।