भराड़ी (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाले पुलिस थाना भराड़ी के पुलिस दल ने अवैध खनन पर शिकंजा कसते हुए सीर और शुक्र खड्डों से अवैध रूप से रेता-बजरी ले जा रहे सात ट्रैक्टरों को अपने कब्जे में लिया है। इनमें से पांच ट्रैक्टर बम में पकड़े गए। ये ट्रैक्टर सीर खड्ड से अवैध रूप से रेत-बजरी ले जा रहे थे। इसके अलावा दो ट्रैक्टर डंगार के रोपड़ी नामक स्थान पर पकड़े हैं। ये ट्रैक्टर शुक्र खड्ड से अवैध खनन सामग्री ले जा रहे थे। एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि अवैध रूप से रेत-बजरी ले जा रहे पकड़े गए ट्रैक्टरों की रिपोर्ट और चालान आगामी कार्रवाई हेतु सक्षम न्यायालय को भेज दी गई है।