भाखड़ा विस्थापितों से पहली बार शुरू हुई गृह कर वसूली
एक महीने के अंदर अदा करना होगा टैक्स, नप ने जारी किए गृह कर बिल और नोटिस
भाखड़ा विस्थापित होने की बात कहकर लोग गृहकर का करते रहे हैं विरोध
अभी तक 65 हजार रुपये गृह कर लोगों ने जमा करवाया
रितेश गुलेरिया
बिलासपुर। नगर परिषद बिलासपुर ने आखिर लोगों से गृह कर वसूली का कार्य शुरू कर दिया है। इस संबंध में नगर परिषद ने शहर के विभिन्न वार्डों में गृह कर बिल और नोटिस जारी करने शुरू कर दिए हैं। अभी तक नगर परिषद के पास करीब 65 हजार गृह कर लोगों ने जमा करवा दिया है। इसकी पुष्टि नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी केआर ठाकुर ने की है।
गौर रहे कि बिलासपुर नगर परिषद ने आज दिन तक लोगों से गृह कर वसूल नहीं किया था। बिलासपुर के लोगों का कहना था कि वह भाखड़ा विस्थापित हैं। ऐसे में गृह कर अदा करने का सवाल ही पैदा नहीं होता। बिलासपुर नगर परिषद को सरकार से लोगों से गृह कर वसूल करने के आदेश आए। गृह कर वसूल नहीं करने पर नगर परिषद बिलासपुर को भंग करने की चेतावनी दी।
हालांकि सरकार के फैसले का लोगों ने विरोध भी किया। लोगों के विरोध के बावजूद नगर परिषद ने दिल्ली की एक कंपनी से नगर परिषद बिलासपुर के तहत आने वाले क्षेत्र में लोगों के घरों का सर्वे करवाया। इसके आधार पर लोगों की गृह कर की दर तय की गई। इसके बाद अब नगर परिषद ने लोगों को गृह कर के बिल और नोटिस जारी करने शुरू कर दिए हैं।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी केआर ठाकुर ने बताया कि नगर परिषद बिलासपुर के तहत आने वाले विभिन्न वार्डों में गृह कर बिल और नोटिस भेजना शुरू कर दिए हैं। बिल मिलने की तिथि से तीन दिन के अंदर लोगों को गृह कर अदा करना होगा। उन्होंने कहा कि अभी तक बिलासपुर नगर के पास लोगों ने 65 हजार रुपये गृह कर जमा करवा दिया है।