बिलासपुर। बिलासपुर में नवशक्ति युवा मैत्री संगम की ओर से सुसाइड प्रीवेंशन को लेकर एक मिनी मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह हिमाचल में अपने किस्म की पहली मैराथन है जो इस विषय को लेकर की जा रही है।
नवशक्ति के महासचिव अनिल चौहान ने बताया कि मिनी मैराथन बिलासपुर शहर में 27 नवंबर को आयोजित होगी और इसका शुभारंभ बिलासपुर के कहलूर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स से होगा। मैराथन में 14 वर्ष से ऊपर का कोई भी पुरुष या महिला भाग ले सकते हैं।
मिनी मैराथन में लगभग 1500 धावक भाग लेंगे। चौहान ने बताया कि पुरुष और महिला कैटेगिरी में अलग-अलग कैश प्राइज रखे गए हैं। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में होने वाले समारोह में अर्जुन अवार्ड विजेता हिमाचल युवा सेवाएं खेल विभाग की संयुक्त निदेशक सुमन रावत विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगी। मैराथन सुबह आठ बजे आरंभ हो जाएगी, लेकिन इसके लिए पंजीकरण सुबह साढ़े सात बजे आरंभ हो जाएगा। इसके बाद मुख्य अतिथि मैराथन को हरी झंडी दिखाएंगी। मैराथन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स से आरंभ होकर छात्रा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, औद्योगिक क्षेत्र, आईटीआई चौक, एचआरटीसी वर्कशॉप, सदर थाना मोड़, कॉलेज चौक, चेतना प्रेस चौक, डीसी आफिस, वेटरनरी अस्पताल, धौलरा मंदिर मार्ग, विश्वकर्मा मंदिर डियारा, बस स्टैंड, लक्ष्मीनारायण मंदिर, मीट मार्केट, छात्र स्कूल रौड़ा से होती हुई फिर से स्पोर्ट्स कांपलैक्स में समाप्त होगी। 200 प्रतिभागियों को टी-शर्ट भी दी जाएगी। इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक और अश्वनी कुमार भी उपस्थित रहे।