गोबिंद सागर झील किनारे अवैध मछली पकड़ने पर कार्रवाई करने पहुंचे मत्स्य विभाग के अधिकारी व कर्मच
गोबिंद सागर में अवैध मछली शिकार पर मत्स्य विभाग ने की कार्रवाई, दो दिन में 10 मामले पकड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। गोबिंद सागर जलाशय में अवैध मछली शिकार पर शिकंजा कसते हुए मत्स्य विभाग बिलासपुर ने विशेष जांच अभियान चलाकर दो दिनों में 10 मामले पकड़े। विभाग ने कुल 6500 मुआवजा वसूला, जबकि 36 किलो मछली और अंडरसाइज्ड जाल जब्त किए। सीर खड्ड क्षेत्र में छह मामले दर्ज किए गए। इनमें 3 दिसंबर को विभाग की टीम ने बजौरा, नाहरल, जबलू और बाघछाल में चेकिंग की।
इस दौरान एक मामला अवैध मछली परिवहन और पांच मामले बिना लाइसेंस मछली पकड़ने के सामने आए। टीम ने 20 किलो मछली जब्त कर नीलामी से 2000 की राशि प्राप्त की, जबकि 3500 मुआवजा वसूला। 4 दिसंबर को दोबड़, लठियाणी, मंडली और डोहक क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। यहां चार मामले अंडरसाइज्ड जालों से मछली पकड़ने के दर्ज किए गए। लठियाणी में एक मामले का मौके पर निपटारा कर 1000 मुआवजा वसूला गया। टीम ने 15 किलो अंडरसाइज्ड जाल भी जब्त किए और जलाशय में चल रही किश्तियों की जांच की। 5 दिसंबर को जडडू टीम ने बल्हसीना में अवैध मछली परिवहन का एक मामला पकड़ा। इसमें 2000 मुआवजा,16 किलो मछली जब्त कर 1600 वसूले गए।
सहायक निदेशक मत्स्य पंकज ठाकुर ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई मत्स्य अधिकारी (संरक्षण) अजय कुमार और उनकी टीम ने अंजाम दी। उन्होंने कहा कि विभाग अवैध शिकार पर सख़्ती आगे भी जारी रखेगा और स्थानीय लोगों से मत्स्य नियमों का पालन करने की अपील की।