ग्राम पंचायत कोठीपुरा के अंबेडकर भवन में आयोजित समारोह में बच्चों को सम्मानित करते मुख्यातिथि।
वन महोत्सव, योग दिवस, गणित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिले पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र में संचालित एक से श्रेष्ठ केंद्रों के मेधावी विद्यार्थियों को सोमवार को ग्राम पंचायत कोठीपुरा के आंबेडकर भवन में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र के 11 केंद्रों से आए करीब 235 अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। समारोह के दौरान वन महोत्सव पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग प्रतियोगिता तथा गणित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 33 विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए संचालित एक से श्रेष्ठ केंद्रों में किया गया था। कार्यक्रम में मुख्यातिथि बीडीसी सदस्य जगतंबा ठाकुर रहीं। उनके साथ कल्लर पंचायत के उपप्रधान राकेश राणा, कोठीपुरा पंचायत के उपप्रधान परमदेव शर्मा, कचौली पंचायत के उपप्रधान बलदेव शर्मा भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मकता, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में सहायक होती हैं।
हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 600 से अधिक एक से श्रेष्ठ केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर समय-समय पर शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित किया जाता है।
600 से अधिक केंद्रों पर हुई प्रतियोगिताएं
हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के 600 से अधिक एक से श्रेष्ठ केंद्रों में वन महोत्सव के तहत पेंटिंग, योग दिवस पर योग और गणित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। श्री नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के 11 केंद्रों के विजेता विद्यार्थियों को कोठीपुरा में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया।