सुरेंद्र जम्वाल
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं विधानसभा और सदर का कुछ भाग जहां घुमारवीं से गैस की आपूर्ति मुहैया करवाई जाती हैं वहां पर कुछ लोगों को सब्सिडी नहीं आ रही हैं। इससे लोगों में भारी रोष है तथा विभाग के प्रति नाराजगी जताई है। घुमारवीं और सदर क्षेत्र की 45 पंचायतों के लगभग एक लाख लोगों को घुमारवीं कार्यालय से गैस की आपूर्ति की जाती हैं, जिसमें घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की 35 पंचायतें तथा सदर की 10 पंचायतें आती हैं।
दोनों विधानसभा क्षेत्र के लोगों जिन्होंने गैस के कनेक्शन ले रखे हैं की संख्या 19582 है। इन दोनों विधान सभा क्षेत्रों से 1083 लोग ऐसे हैं जिनके द्वारा सब्सिडी का मोह त्यागा गया है। इन सब्सिडी छोड़ने वालों में कोई भी नेता शामिल नहीं है, जिन्होंने सब्सिडी को छोड़ा है। इसमें आम आदमी ही है जिनके द्वारा सब्सिडी छोड़ी गई है।
सब्सिडी छोड़ने वालों के अलावा ऐसे भी लोग हैं जिनको कई महीनों से गैस के सब्सिडी के पैसे खातों में नहीं आए हैं। इन लोगों ने कई बार विभाग के पास अपना दुखड़ा भी सुनाया पर समस्या हल नहीं हुई और अभी तक सब्सिडी नहीं आ रही है।
विधानसभा क्षेत्र के लोगों में आशा देवी, प्रदीप गुप्ता, विशाल सोनी, तारा देवी, मंजीत ठाकुर, अनिल कुमार, यशपाल, दलेल सिंह ने कहा कि हमारी सब्सिडी कई महीनों से और साल से भी ज्यादा समय से नहीं आ रही हैं जिसकी शिकायत कार्यालय में भी बताई है लेकिन इसके बावजूद सब्सिडी नहीं आ रही हैं। लोगों ने बताया कि जो भी दस्तावेज विभाग द्वारा मांगे गए थे वह भी जमा करवा दिए गए हैं, फिर भी सब्सिडी न आना समझ से परे है।
----
लोगों की कुछ शिकायतें आई हैं
लोगों की कुछ शिकायतें आई थीं जो उच्च अधिकारी के पास भेज दी गई है। लोग यह भी स्पष्ट कर लें कि लोगों ने दो-दो अलग बैंकों में खाते खोल रखे हैं तो उनमें से किसी भी खाते में सब्सिडी पड़ रही हैं जो आधार के साथ लिंक है। यह जरूरी नहीं है कि खाता कार्यालय में दिया है उसमें ही सब्सिडी आएगी, दूसरे खाते में भी सब्सिडी पड़ सकती हैं।
....निर्भय कुमार घुमारवीं कार्यालय गैस प्रबंधक।
-------------