अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। मांडवा पुल के पास चट्टानें गिरने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने भगेड़-झंडूता- शाहतलाई-बड़सर सड़क पर वाहनों के चलने पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी है। वहीं इस रास्ते पर पैदल चलने वालों को भी नहीं गुजरने दिया जाएगा। यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि मांडवा पुल के पास करीब एक किमी की पहाड़ी से जगह-जगह चट्टानें के गिरने का खतरा बना हुआ है।
हालांकि लोक निर्माण विभाग ने बारिश से पहाड़ी से गिरी चट्टानें और ल्हासे उठाकर सड़क पर यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से बहाल कर दी थी लेकिन पहाड़ी से चट्टानें और ल्हासे गिरने का सिलसिला जारी होने से लोक निर्माण विभाग ने प्रशासन को भगेड़-समोह-झंडूता-शाहतलाई बड़सर सड़क को बरसात के मौसम तक पूर्णतया बंद करने आग्रह किया है।
उपमंडल मुख्यालय का मुख्य सड़क मार्ग बंद होने से झंडूता विधानसभा क्षेत्र की करीब दो दर्जन ग्राम पंचायतों के हजारों लोगों को आने वाले समय में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
लोक निर्माण विभाग झंडूता के कनिष्ठ अभियंता राजेंद्र सिंह ने बताया कि मांडवा पुल की पहाड़ी से चट्टानों और ल्हासे गिरने का सिलसिला जारी है। पहाड़ी से पैदा हुए खतरे से यहां कभी भी कोई बड़ी हादसा होने का डर लगा रहता है।
उपमंडल अधिकारी नागरिक झंडूता नवीन शर्मा के अनुसार लोक निर्माण विभाग ने भगेड़-समोह -झंडूता-शाहतलाई-बड़सर सड़क के मांडवा पुल की पहाड़ी से खतरा पैदा होने पर इस मार्ग को पूर्णतया बंद करने का आग्रह किया था। प्रशासन की ओर से इस सड़क मार्ग पर वाहनों के साथ पैदल चलने वाले लोगों पर भी पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने बरसात के मौसम तक सड़क मार्ग बंद रखने की अधिसूचना जारी कर दी है।