बिलासपुर। उपजिलाधिकारी दुर्गा शंकर गुप्ता शुक्रवार की दोपहर ग्राम खोंदलपुर पहुंचे। उन्होंने यहां मौजूद लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने कहा कि गांव की नालियां गंदगी व कीचड़ से भरी पड़ी हैं। सफाई कर्मी सफाई करने के लिए उनके गांव नहीं आते हैं। एसडीएम ने कहा कि वह सफाई कर्मियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करेंगे। ग्रामीणों ने कब्रिस्तान के पास टूटे हुए नाले का निर्माण कराने और रास्ते किनारे लगे लकड़ियों के ढेर को हटवाने की मांग की। गांव निवासी फजील खां ने कहा कि उसके घर के सामने लोगों ने घूरा आदि डालकर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। कुछ लोग जबरन दरवाजा उसकी जगह पर निकाल रहे हैं। एसडीएम ने जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए। इससे पूर्व एसडीएम ने कब्रिस्तान में विभिन्न प्रजातियों के एक सौ पौधों का रोपण किया। इस मौके पर मिसरयार खां, सदाकत खां, जलीस खां आदि मौजूद रहे। वहीं एसडीएम ने नवीन मंडी समिति पहुंचकर सचिव के साथ पौधरोपण किया।