बिलासपुर/खजुरिया/केमरी/भोट/सैदनगर। बुधवार की रात आई बारिश ने किसानों के चेहरों पर रौनक बढ़ा दी, वहीं तेज हवा ने बिजली व्यवस्था को चौपट कर दिया। तेज हवा के कारण लोगों के घरों की कमजोर दीवारें गिर गईं। जिसकी बजह से हजारेां रुपये का नुकसान हुआ है।
बुधवार की रात करीब ढाई बजे तेज बारिश आई, जो पूरी रात हुई। बारिश होने से किसानों ने राहत की सांस ली। किसानों के खेतों में फसलों की सिंचाई, खासकर मुरझा रही धान की फसल को बेहद फायदा हुआ। नगर में कई स्थानों पर जलभराव की हालत पैदा हेा गई। सुबह के बाद नगरपालिका कर्मियों ने पानी की निकासी करके जलभराव को ठीक किया। रात में आई तेज हवा के कारण नगर व क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। पूरे दिन नगर टाउन प्रथम, तृतीय, विसारतनगर, रामनगर आदि फीडर पूरे दिन लाइनों में आई खराबी के कारण बंद रहे।
ग्राम ज्वालापुर भैंसिया के पास एक पेड़ हाईटेंशन लाइन के उपर टूटकर गिर गया, जिसके कारण बिजली का एक खंभा टूट गया। खंभा टूटने की बजह से बेगमाबाद, गोधी बिजलीघर क्षेत्र की बिजली भी पूरी तरह से ठप हो गई। तेज हवा के कारण नया गांव स्थित धन बर्षा एग्रो सीड्स की चारदीवारी ढह गई, जिसके कारण हजारों रुपये का नुकसान होने की बात मिल स्वामी राजेश गोयल ने प्रशासन बताई है। इसके अलावा हवा में होर्डिग बोर्ड उखड़ गए और लोगों की टीनें भी उड़ गईं। तेज हवा के कारण केमरी, भोट, खजुरिया क्षेत्र की भी विद्युतापूर्ति ठप हो गई। एसडीएम डीएस गुप्ता ने बताया कि बिजली विभाग फाल्टों को ठीक कर रहा है। संभावना है कि रात में आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। सैदनगर में भी रात के वक्त तेज बारिश हुई,जिसकी वजह से लोगों के चेहरे खिल गए। खासतौर से किसानों को राहत मिली। किसानों ने एक बार फिर से धान की रोपाई शुरू कर दी। बारिश की वजह से लोगों को खासी राहत महसूस हुई। तालाब भी इस दौरान भर गए।