अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। शहर के आठ, नौ और दस नंबर वार्डों में डेंगू के बढ़ते हुए प्रकोप को देखते हुए उपायुक्त बिलासपुर ने अपने प्रशासनिक दलबल के साथ डियारा सेक्टर का दौरा किया। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया। इस दौरान उपायुक्त ने स्वयं लोगों के घरों में रखी पानी की टंकियों, कूलरों, फूलों के गमलों, शौचालयों, रसोई घर में संग्रह किए गए पानी के बर्तनों के अलावा वार्डों में बनी गंदे पानी निकासी की नालियों का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने लोगों से कहा कि वह डेंगू को पहले स्तर पर ही रोकने के लिए प्रशासन की मदद करें, अन्यथा दूसरे चरण में पहुुंचने पर डेंगू अपना रोद्र रूप दिखाना शुरू कर देगा।
नालियों का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आदेश देते हुए कहा कि नालियों में टिके हुए पानी व कचरे की सफाई के लिए शीघ्र प्रभावी पग उठाएं। गड्ढों और नालियों में डेंगू के लारवा को प्रथम स्तर पर नष्ट करने के लिए अन्य कीट नाशक दवाइयों व मिट्टी के तेल का छिड़काव करने के भी आदेश दिए।
अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह लोगों के घरों के भीतर और बाहर के स्थानों में कीट नाशक दवाइयों का छिड़काव शतप्रतिशत करना सुनिश्चित बनाएं। कोई भी मकान मालिक अपने घर के भीतर छिड़काव के लिए किसी भी स्तर पर मना नहीं कर सकता, ऐसा करने पर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आदेश देते हुए कहा कि वह डेंगू रोग की गंभीरता को देखते हुए एक अतिरिक्त फोगिंग मशीन खरीद कर नगर परिषद के बाहरी क्षेत्रों में फोगिंग करने के लिए उपलब्ध करवाएं।
इस अवसर पर आईएएस प्रोवेशनर सौम्या झा, एडीएम विनय कुमार, एसडीएम प्रियंका वर्मा, सहायक आयुक्त सिद्धार्थ आचार्य, सीएमओ डॉ. वीके चौधरी, अध्यक्ष नगर परिषद सोमा देवी, उपाध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप के साथ पार्षद नंद लाल राही, माया देवी, बिमला देवी, मनोज पिल्लैई, नवीन वर्मा व संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।