जल संरक्षण, ऊर्जा प्रबंधन और जैव विविधता समेत छह बिंदुओं पर हुआ विद्यालयों का मूल्यांकन
फरवरी 2027 में घोषित होंगे राष्ट्रीय परिणाम
प्रियंका ठाकुर
बिलासपुर। जिले के 29 सरकारी और निजी विद्यालयों ने ग्रीन स्कूल प्रोग्राम (जीएसपी) ऑडिट-2026 की रिपोर्ट जमा करवा दी है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ ही प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की आदत विकसित करना है। ग्रीन स्कूल प्रोग्राम का संचालन अनिल अग्रवाल एनवायरमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एएईटीआई) की ओर से किया जा रहा है। यह राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, पर्यावरण अनुकूल आदतों को प्रोत्साहित करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए जिम्मेदार व्यवहार विकसित करने पर केंद्रित है। कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में जल संरक्षण, ऊर्जा प्रबंधन, अपशिष्ट प्रबंधन, जैव विविधता, वायु गुणवत्ता और खाद्य एवं पोषण से जुड़ी गतिविधियों का ऑडिट किया जाता है। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी रहती है। जिले के 29 विद्यालयों की ओर से जमा कराई गई रिपोर्टों का राष्ट्रीय स्तर पर अन्य प्रतिभागी विद्यालयों के साथ मूल्यांकन किया जाएगा। इसके आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम का परिणाम फरवरी 2027 में घोषित होने की संभावना है। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक कश्मीर सिंह ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों, इको क्लब प्रभारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित होगी।
ऑडिट में शामिल हैं ये प्रमुख विद्यालय
ग्रीन स्कूल प्रोग्राम ऑडिट-2026 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़गांव, उच्च विद्यालय स्योहला, एसपीएस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भेड़ी, डाहड, सिकरोहा, पीएमश्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिलासपुर, डीएवी स्कूल श्री नयनादेवी जी, कपाहड़ा, प्राथमिक केंद्र विद्यालय नम्होल, मरहाणा, प्राथमिक केंद्र विद्यालय दयोथ, प्राथमिक विद्यालय टेपरा खास, मोरसिंघी, थथल जंगल, उच्च विद्यालय छंदोह, राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय स्वाहण, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साई ब्राह्मणा, उच्च विद्यालय भटेड़, पीएमश्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तलाई, नम्होल, भगेड़, टोबा, टेपरा खास, उच्च विद्यालय दत्यार, उच्च विद्यालय बलघाड़, उच्च विद्यालय सोलग जुरासी, पंजगाईं, काथला और तंबौल स्कूल शामिल हैं।