आज और कल घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम
26,901 बच्चों को पोलियो पिलाने का रखा गया है लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में रविवार को आयोजित सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को 26,901 लक्षित बच्चों में से 25,712 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। यह निर्धारित लक्ष्य का 95.5 प्रतिशत है। अभियान का शुभारंभ उपायुक्त राहुल कुमार ने क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाकर किया।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान दूरदराज क्षेत्रों, ट्रांजिट प्वाइंट और हाई रिस्क क्षेत्रों में विशेष रणनीति के तहत बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित की गई। स्वास्थ्य खंड मार्कंडेय में 6,528, घुमारवीं में 7,226, झंडूता में 8,188 और श्री नयना देवी जी में 3,770 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। इसके अलावा ट्रांजिट बूथों पर 650 और हाई रिस्क क्षेत्रों के 90 बच्चों को भी पोलियो रोधी खुराक दी गई। उपायुक्त ने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश रविवार को पोलियो रोधी खुराक लेने से वंचित रह गए हैं, उनके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें 29 और 30 जून को घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें, ताकि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद से वंचित न रहे।
जिले के विभिन्न स्थानों पर ट्रांजिट प्वाइंट पर भी विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए गए। इसमें मार्कंडेय ब्लॉक के घागस पुल, घुमारवीं ब्लॉक के बस अड्डा घुमारवीं और श्री नयना देवी जी ब्लॉक के रोप-वे, बस अड्डा श्री नयना देवी जी और पुलिस बैरियर ग्वालथाई शामिल हैं। इन स्थानों पर तैनात टीमों ने यात्रा कर रहे बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई। अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 273 पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे और 534 टीमों का गठन किया गया है।