श्री नयना देवी मंदिर न्यास की प्रतियोगिता के लिए 2500 बच्चों ने कराया पंजीकरण
बच्चों की ज्ञान और तार्किक क्षमता को परखने वाली प्रतियोगिताओं से हुई शुरुआत
कबड्डी अंडर-17 के क्वार्टर फाइनल में नांगे ठाकुर और स्वाहण आज होंगे आमने-सामने
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी(बिलासपुर)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी मंदिर न्यास के स्थापना समारोह के दूसरे चरण में नयना देवी विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अनोखा अवसर मिला। इस आयोजन में अब तक करीब 2500 बच्चों का पंजीकरण हो चुका है, जो इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाता है।
दिन की शुरुआत बच्चों की ज्ञान और तार्किक क्षमता को परखने वाली प्रतियोगिताओं से हुई। वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्रों ने समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए, जिससे उनमें गहन चिंतन की क्षमता विकसित हुई। संस्कृत श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता में इस स्पर्धा ने बच्चों को भारतीय संस्कृति और देववाणी संस्कृत के प्रति जोड़ा। जूनियर विज्ञान प्रश्नोत्तरी ने विज्ञान के मूलभूत सिद्धांतों और नवाचारों पर आधारित इस प्रतियोगिता ने युवा मस्तिष्क में वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित किया। शैक्षणिक गतिविधियों के साथ ही बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य और टीम भावना को बढ़ावा देने के लिए अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कबड्डी अंडर-17 के क्वार्टर फाइनल में नांगे ठाकुर और स्वाहण आमने-सामने होंगे, जबकि लखनू और बस्सी का दूसरा मुकाबला होगा। अंडर-19 में बैहल ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वॉलीबाल और बैडमिंटन में बैडमिंटन अंडर-14 का फाइनल नैला ने जीता, जबकि जकातखाना उपविजेता रही। वॉलीबाल में क्वार्टर फाइनल मुकाबले लखनू और टोबा, बैहल और नकराना के बीच होंगे। खंड परियोजना अधिकारी नरेंद्र मुसाफिर ने बताया कि पूरा आयोजन मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं उपमंडलाधिकारी धर्मपाल चौधरी की दूरदर्शी और नवाचारी सोच का परिणाम है।