चैत्र मेले के दौरान मां नयना देवी के दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालु।
- फोटो : BILASPUR
श्री नयना देवी जी(बिलासपुर)। चैत्र नवरात्रों के दूसरे दिन विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में नौ हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। सुबह से शाम छह बजे तक श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश करते रहे। मंदिर प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसर में सैनिटाइजेशन की पूरी व्यवस्था की है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें मंदिर में प्रवेश करने से पहले श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग कर रही है।
मंदिर न्यास अधिकारी तहसीलदार हुस्न चंद ने बताया कि बुधवार को 9 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। बताया कि कोविड से लोगों को सुरक्षित करने के लिए मंदिर परिसर में जगह-जगह हैंड सैनिटाइजर मशीनें लगाई गई हैं। वहीं, मंदिर परिसर को दो बार सैनिटाइज किया जा रहा है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीमें श्रद्धालुओं की मंदिर के बाहर थर्मल स्क्रीनिंग कर रही है। उसके बाद ही उन्हें मंदिर में प्रवेश मिल रहा है। बताया कि पहले नवरात्र पर मंदिर में 24 ग्राम सोना, 1.316 किलो चांदी और 9.39 लाख नकदी चढ़ावा चढ़ा है। हुस्न चंद ने कहा कि मंदिर में लंगर का आयोजन नहीं किया जा रहा है। लेकिन पंजाब की दो संस्थाओं को श्रद्धालुओं को पैक फूड वितरित करने की अनुमति दी गई है। ताकि किसी को खाने पीने की समस्या न हो।