अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना 2017-18 के तहत बिलासपुर जिला के चार स्कूलों को 10-10 लाख रुपये का बजट जारी हुआ है। इसमें जिला के चार विधानसभाओं में चयनित किए गए स्कूलों के मैदानों को संवारा जाएगा और फिर इन मैदानों को खिलाड़ियों को खेलने के लिए मैदान समर्पित किए जाएंगे। इसमें एक विधानसभा क्षेत्र को 10 लाख रुपये जारी हुआ है। वहीं इस पैसे से अलग से मैदान नहीं बनाए जाएंगे, बल्कि चयनित स्कूलों के मैदानों को अपग्रेड किया जाएगा।
गौर हो कि चयनित स्कूलों को बजट खेल विभाग की ओर से जारी किया है। उक्त बजट से जहां स्कूली मैदानों को विकसित किया जाएगा, वहीं मैदानों के चकाचक होते ही स्कूली बच्चे विभिन्न खेलों की बेहतर ढंग से तैयारी कर सकेंगे।
स्वीकृत बजट के अनुसार स्कूलों में मैदान को समतल करने, मैदान को विकसित करने, डंगे लगाना, सुरक्षा बाहरी दीवार का निर्माण करना, मैदान के साथ बैठने के लिए सीढ़ियों का निर्माण करना, चेंज रूम, शौचालय का निर्माण करना सहित अन्य मैदान के कार्यों पर कार्य किया जाएगा। प्रत्येक विस क्षेत्र के एक स्कूल के लिए खेल मैदान को विकसित करने के लिए दस-दस लाख रुपये बजट स्वीकृत किया गया है।
इनसेट...
जिला के सभी विधायकों से मांगे हैं स्कूलों के नाम
खेल विभाग ने जिला के चारों विधायकों से अपने विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों के नाम मांगे हैं जिसके लिए वह यह पैसा मंजूर करवाना चाहते हैं। अभी तक विधायकों ने नाम नहीं दिए हैं लेकिन विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही स्कूलों के नाम उन तक पहुंचेंगे वैसे ही पैसा स्कूलों को जारी हो जाएगा।
इनसेट..
स्कूल मैदानों को संवारा जाएगा
मुख्यमंत्री खेल विकास योजना 2018-19 के तहत बिलासपुर जिला के चार स्कूलों को 10-10 लाख का बजट जारी हुआ है। चयनित स्कूलों के मैदानों को संवारा जाएगा और इन मैदानों में खेलें शुरू की जाएंगी।
-श्याम लाल कौंडल, जिला खेल अधिकारी, बिलासपुर