अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा (बिलासपुर)। एसीसी माइनिंग में उपायुक्त के दौरे के बाद तीसरे दिन ही भारी ब्लास्टिंग का दौर एक बार फिर से शुरू हो गया है। शुक्रवार दोपहर जब माइनिंग क्षेत्र में ब्लास्टिंग की गई तो उससे कुनणू, बलोह सहित धौनकोठी गांव दहल गए जिसे लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
गौरतलब है कि एसीसी माइनिंग से उक्त गांव भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। वहीं लोग इस बात से परेशान हैं कि कंपनी दोहरा रवैया अपनाकर लोगों को तो मूर्ख बना ही रही है वहीं सरकारी एजेंसियों और प्रशासन को भी गुमराह कर रही है। सालों से गैर कानूनी माइनिंग और ब्लास्टिंग के खिलाफ लड़ने वाले ग्रामीण आज भी वहीं खड़े हैं। न ही उनकी परेशानी का कोई हल निकल रहा है और न ही एसीसी की माइनिंग और भारी ब्लास्टिंग पर प्रशासन लगाम लगा पा रहा है ।
बीडीसी भुवनेश, वार्ड मेंबर कुनणू सुनील गौतम, रमेश ठाकुर, रामदास शास्त्री, नरोत्तम दत्त शास्त्री, शिव गौतम, हर्ष गौतम, भरत भूषण गौतम, अरविंद गौतम और शिव राम सहित अन्यों का कहना है कि उपायुक्त के दौरे के दौरान एसीसी द्वारा नियमों और कायदे में रहकर ब्लास्टिंग की गई लेकिन उसके बाद फिर से माइनिंग क्षेत्र में जो ब्लास्टिंग हुई उससे उक्त सभी गांव हिल गए।
लोगों का कहना है कि अब प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलने के अलावा उनके पास कोई रास्ता नहीं है। आरोप लगाए की सरकारी एजेंसियों से आए अधिकारी एसीसी की आवभगत के इतने कायल हो जाते हैं कि उन्हें उसके आगे लोगों की समस्याएं दिखाई ही नहीं देती है। कहा कि वो जल्द ही ज्ञापन के जरिये प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलेंगे और उनसे गुहार लगाएंगे की उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। माइनिंग एक्ट के तहत जो भी कार्यवाही उपयुक्त होगी उसे अमल में लाया जाए।