अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर।
किसमें कितना है दम टीवी शो के लिए ली जा रही ऑडिशन विवादों में घिर गई है। शो के लिए ऑडिशन देने आए बच्चों के अभिभावकों ने आयोजकों पर बच्चों से पैसे लूटने का आरोप लगाया है। शो का प्रसारण डीडी पंजाबी पर होना है। आयोजकों पर शो के पंजीकरण के नाम पर बार-बार पैसे वसूले जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इसके साथ ही पिछले सीजन में निर्णायक की भूमिका निभाने वाले संजय हंस ने भी आयोजकों पर कई गंभीर आरोप जड़े हैं।
अभिभावकों का कहना है कि शो के लिए विभिन्न चरण तय किए गए हैं। इसमें बार-बार पंजीकरण फीस वसूली जा रही है। पहले ऑडिशन में 300, मेगा ऑडिशन में 800, क्वाटर फाइनल में 1500 जबकि सेमीफाइनल में 1000 रुपये की फीस रखी गई है। जोकि तर्क संगत नहीं हैं। इसके अलावा आयोजकों पर पिछले सीजन के विजेताओं को ईनामी राशि भी न देने के आरोप लगे हैं। निर्णायक रह चुके संजय हंस का आरोप है कि इस शो के खिलाफ पंजाब में भी कई अभिभावकों ने आवाज उठाई थी। इसके चलते अब हिमाचल के मासूम बच्चों को लूटने की प्लानिंग तैयार की गई है। इसके तहत बिना किसी प्रचार-प्रसार से प्रदेश में जगह-जगह इसके ऑडिशन करवाए जा रहे हैं। वीरवार को शहर के रौड़ा सेक्टर सरस्वती विद्या मंदिर में शो के लिए ऑडिशन लिए गए। इसमें पहले राउंड में चयनित करीब 55 बच्चों ने भाग लिया। इन बच्चों से 800 रजिस्ट्रेशन फीस ली गई। इन बच्चों ने गायन, नृत्य और अभिनय की प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
घुमारवीं से यहां ऑडिशन को लेकर अपने बच्चे को लेकर पहुंचे जगतराम भारद्वाज का ने बताया कि बच्चों से पैसा लेकर शो चलाना गलत है। बच्चों को मंच प्रदान करने के नाम पर पैसा ठगने का काम किया जा रहा है। ऑडिशन में किसी प्रकार के कोई वाद्य यंत्र व अन्य सामग्री नहीं है। हालांकि, आयोजकों ने आरोपों को सिरे से नकार दिया है। आयोजकों का कहना है कि पंजीकरण फार्म पर फीस के विवरण को भी प्रकाशित किया है। शो में भाग लेने वाले बच्चों से बाकायदा से एग्रीमेंट साइन किया जाता है।
रेव्यू के लिए लिया जाता है पैसा : बंसल
इस बारे में केकेएचडी के प्रोडयूसर और डायरेक्टर वरुण बंसल का कहना है कि शो को लेकर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। शो के रेव्यू के लिए बच्चों से पैसे लिए जाते हैं, क्योंकि शो के लिए अभी तक कोई स्पॉंसर नहीं है। पिछले सीजन के विजेताओं को अभी तक नकद इनाम राशि नहीं दी गई है। मगर जल्द ही पैसा विजेताओं के खाते में जमा हो जाएगा।