जिला पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 207 पेटियां अवैध रूप से लाई जा रही शराब बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपी के आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान शक के आधार पर एक पिकअप को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान पिकअप के अंदर से 207 पेटियां शराब बरामद हुईं। इनमें 200 पेटी बीयर और सात पेटी अंग्रेजी शराब पाई गई।
पिकअप चालक इससे संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान सुनील कुमार निवासी घुमारवीं के रूप में हुई। पुलिस मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।