अमर उजाला ब्यूरो
शाहतलाई(बिलासपुर)। बाबा बालक नाथ की तपोभूमि पर लगने वाले चैत्र मेलों में बाबा की धार्मिक नगरी को सुंदर व स्वच्छ बनाए रखने के लिए नगर पंचायत शाहतलाई ने प्रयास शुरू कर दिए है। शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष बलदेव सिंह स्याल की अध्यक्षता में नगर पंचायत शाहतलाई में चल रही धर्मशालाओं के संचालकों व होटल मालिकों के बीच एक बैठक आयोजित की गई जिसमें धर्मशाला संचालकों व होटल मालिकों को सख्त हिदायतें देते हुए कहा गया कि नगर पंचायत बाबा की नगरी को सुंदर व स्वच्छ देखना चाहती है। इसके लिए सभी धर्मशालाओं और होटलों में दो कूड़ेदान रखने होंगे। नगर पंचायत की गाड़ी वहां आएगी जिसमें उस कूड़े को डाल दें। नगर पंचायत कूड़ेदान के बाहर कोई गंदगी सहन नहीं होगी। धर्मशाला संचालक व होटल मालिकों को अपने-अपने सेप्टिक टैंकों को समय रहते खाली करने की हिदायत दी। साथ में कहा गया कि सेप्टिक टैंक की गंदगी को खुले में अथवा खड्ड में न डालने के आदेश दिए गए हैं। अगर कोई इसका उल्लंघन करेगा तो उसे जुर्माना व धर्मशाला व होटल को सील भी किया जा सकता है। धर्मशाला संचालकों को अपनी-अपनी धर्मशाला में एक नोटिस बोर्ड लगाने को कहा गया कि उस पर धर्मशाला में ठहरने का किराया दर्शाना होगा। आपातकालीन सेवाओं के नंबर लिखे जाएं। धर्मशाला संचालकों को कहा गया कि धर्मशाला में किसी भी प्रकार के वाहन की पार्किंग न की जाए।
धर्मशाला व होटल में आने वाले हर श्रद्धालु से पहचान पत्र जो फोटोयुक्त हो उससे लेकर पंजीकरण करें और तभी उसे ठहरने के लिए स्थान दें। धर्मशालाओं के अंदर ढोल-स्पीकर न बजाएं। खुले में कोई लंगर न लगाएं, अगर कोई खुले में लंगर लगाएगा तो लंगर लगाने वाले के साथ जिस किसी की भूमि पर लंगर होगा वह भी बराबर का दोषी होगा।
इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष बृजलाल, मंदिर न्यासी विजय कुमार, अनिल कुमार, होटल मालिक व धर्मशालाओं के संचालक उपस्थित थे।
----------------------