अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। कांग्रेस के महासचिव एवं श्रीनयना देवी के विधायक ठाकुर रामलाल ने एक बार फिर से भाजपा पर हमला बोला है। कहा कि जब प्रधानमंत्री एम्स का शिलान्यास कर चुके थे तो फिर भूमि पूजन का क्या अर्थ है।
उन्होंने कहा कि एम्स के नाम पर भाजपा राजनीति करती आ रही है। पहले उन्होंने विस चुनाव में लाभ लेने के लिए चुनाव से ठीक पहले इसका शिलान्यास किया। अब लोक सभा चुनाव पास आते ही भूमि पूजन का ड्रामा कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नड्डा और सीएम पर तंज कसते हुए कहा कि अब क्या यह लोग एम्स के चौथे गेट का भी पूजन करेंगे जिसको बनाने की बात नड्डा ने कार्यक्रम के दौरान कही?
उन्होंने कहा कि जिस एम्स के नाम पर भाजपा राजनीति कर रही है वह केंद्र की यूपीएस सरकार की देन है क्योंकि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने मंत्रि मंडल की बैठक में फैसला लिया था कि देश में पांच एम्स खोले जाने हैं जिसमें हिमाचल में बनने वाला एम्स भी शामिल था। जबकि बिलासपुर में एम्स बनाने के लिए राज्य की वीरभद्र सिंह सरकार ने 25 दिसंबर 2015 की मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दी थी। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सच्चाई को नहीं झुठला सकते हैं। उन्होंने नड्डा और अनुराग ठाकुर को घेरते हुए कहा कि वह बताएं कि उन्होंने एम्स के लिए क्या किया।
वहीं उन्होंने अनुराग ठाकुर को दिए गए अवार्ड पर भी तंज कसा कि उन्हें संसद में सोनिया और राहुल गांधी को गालियां देने के लिए अवार्ड दिया गया है क्योंकि उनकी छवि पहले ही दागदार है। क्रिकेट बोर्ड से उन्हें कोर्ट ने हटाया, बाद में उन्हें शपथ पत्र देकर कोर्ट से माफी मांगनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि अभी तक वन विभाग की जमीन एम्स के नाम नहीं हुई है। टीसीपी द्वारा लगाई की आपत्तियां दूर नहीं की गई हैं। ऐसे में केंद्र सरकार कैसे एम्स का कार्य शुरू करने का दावा कर रही है। इस मौके पर पार्टी के महासचिव संदीप सांख्यान और श्रीनयना देवी मंडल के अध्यक्ष बाबूराम भी मौजूद रहे।
इनसेट...
हैलीकॉप्टर और आयोजन पर भी उठाए सवाल
रामलाल ठाकुर ने राज्य सरकार के हेलीकॉप्टर द्वारा नड्डा को चंडीगढ़ छोड़ने और कोठीपुरा में आयोजित कार्यक्रम में पूरे तामझाम और धाम पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चंडीगढ़ ले जाए गए हेलीकॉप्टर का खर्च किसी खाते में डालेगी। जबकि जिला प्रशासन से पूछा की कोठीपुरा में पूरे तामझाम के लिए किस हैड से पैसा लगाया गया।
-------------------