अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। बोर्ड की परीक्षाओं में नकल की रोकथाम के लिए जिला के सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के साथ-साथ कंट्रोल रूम की भी स्थापना की जाएगी। उपायुक्त विवेक भाटिया ने प्रशासन में दक्षता लाने के बारे में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी।
जिला में नकल पर पूरी तरह से लगाम लगाने एवं परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक प्रबंधन किए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्रों में नकल को रोकने के लिए जो भी आवश्यक कदम होंगे वे उठाए जाएंगे। परीक्षा के दौरान यदि परीक्षा केंद्र में नकल के बारे में सामूहिक तौर पर शिकायत आती है तो उस शिकायत पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त विवेक भाटिया ने जिला में लावारिस कुत्तों के आतंक से लोगों को राहत प्रदान करने के लिए नगर परिषद के कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिलाया गया है। कुत्तों को पकड़ कर पशु पालन विभाग की ओर से उनकी नसबंदी की जाएगी। यह कार्य माह के प्रत्येक बुधवार को होगा जिसे 16 जनवरी बुधवार से शुरू किया जा रहा है। मॉडल फार्म के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर विचार-विमर्श करें कि मॉडल फार्म के लिए किस प्रकार से कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकती हैं। इसके लिए उन्होंने कृषि विभाग को आवश्यक प्रपोजल तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिला में निर्मित होने वाले हाईड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के चल रहे कार्य की प्रगति रिपोर्ट को हर माह की सोमवार की प्रशासन की दक्षता बैठक में लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने आईपीएच विभाग को निर्देश दिए कि वे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के सर्वे कार्य को शीघ्र पूरा करें।
इस मौके पर एसडीएम प्रियंका वर्मा, सहायक आयुक्त पूजा चौहान, सिद्धार्थ आचार्य, पीओ डीआरडीए संजीत सिंह, निदेशक कृषि विभाग डॉ. डीएस पंत, राजस्व अधिकारी देवी राम, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. राजेश आहलूवालिया के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-----------------------