बिलासपुर। नैनीताल हाईवे पर रविवार को रक्षाबंधन के त्योहार की भीड़ और रोडवेज की एक बस खराब होने से वाहन पूरे दिन जाम में फंसे रहे। जाम में फंसे यात्रियों का बुरा हाल रहा। जाम में फंसे वाहन रेंग-रेंगकर गुजरे। जाम खुलवाने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
नगर में नैनीताल रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास रविवार की सुबह दस बजे रुद्रपुर की ओर से रामपुर जा रही उत्तराखंड डिपो की एक बस अचानक खराब हो गई। बस खराब होते ही हाईवे पर वाहनों के बढ़ते दबाव ने जाम की स्थिति पैदा कर दी। धीरे धीरे हालत यह होने लगे कि हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई। रुद्रपुर और रामपुर की ओर हाईवे पर करीब दो किलोमीटर दूर तक जाम लग गया। जाम का आलम यह हुआ कि मेन हाईवे के अलावा मिलक-केमरी रोड, माठखेड़ा रोड, तहसील रोड, अस्पताल रोड पर भी जाम लग गया। हालांकि, पुलिस के कुछ सिपाही जाम को खुलवाने मेें लगे रहे। फिर भी वाहन रेंग-रेंग कर नगर से गुजरे। जाम में फंसे लोगों का बुरा हाल रहा। पुलिस ने बमुश्किल जाम को शाम तक खुलवाया। जाम की वजह हाईवे किनारे फैला अतिक्रमण के अलावा आज रक्षाबंधन की वजह से हाईवे पर बढ़ा यातायात भी रहा। जाम में फंसे लोगों ने पुलिस प्रशासन की लापरवाही बताई।