अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। जिले में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। रोजाना कोई न कोई मामला बिलासपुर अस्पताल पहुंच रहा है। बुधवार को भी अस्पताल में डेंगू से ग्रस्त आठ मरीज पहुंचे हैं। अस्पताल में एक रोगी उपचाराधीन है, बाकि 26 लोगों का इलाज घर में ही चल रहा है।
नोडल अधिकारी एवं एमओएच डॉ. परविंद्र शर्मा ने जिले में फैले डेंगू रोग के बारे में बताया कि वर्तमान में डेंगू से पीड़ित 26 रोगियों का इलाज चल रहा है। उनमें से डेंगू से पीड़ित एक रोगी अस्पताल में दाखिल है और शेष रोगियों का इलाज घरों में ही हो रहा है। अब तक 161 डेंगू के मामले दर्ज किए गए जिनमें से 135 रोगी स्वस्थ हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से विभिन्न वार्डों में जाकर 203 घरों का निरीक्षण किया गया जिनमें से 111 लोगों के घरों की पानी की टंकियों, कूलरों और जल भंडारण के बर्तनों को खाली करवाकर उन्हें साफ करवाया करवाया गया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से लोगों को अपने घरों और आसपास की साफ-सफाई रखने के लिए भी जागरूक किया गया। लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि वह जब भी घरों से बाहर निकलें तो अपने शरीर को पूर्ण रूप से ढक कर और ओडोमोस इत्यादि कीटनाशक स्प्रे का इस्तेमाल करें तथा घरों के अंदर भी कीटनाशक स्प्रे करना सुनिश्चित बनाएं ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके।