लद्दा पंचायत विरोध रैली निकालती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)।
उपमंडल घुमारवी के अंतर्गत आने वाली पंचायत लद्दा की पंचायत प्रधान अंजना धीमान की अध्यक्षता में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इसमें देश में बेटियों पर हो रहे अत्याचार के विरोध में मुंह पर काली पट्टी बांध कर महिलाओं ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। इस अवसर पर प्रधान अंजना धीमान ने कहा कि आज भाजपा के राज में बेटी पढ़ाओ अपील की अब बेटी बचाओ चेतावनी बन गई है। उन्होंने उन्नाव और कठुआ की ताजा घटना पर भाजपा सरकार पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की बेबसी और लाचार कानून व्यवस्था का अपराधी खुलेआम फायदा उठा कर मासूम बच्चियों के साथ दुराचार कर रहे हैं। महिलाओं ने दुराचार की शिकार हुई बच्चियों की आत्मा की शांति की प्रार्थना की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सरकार से मांग की कि सरकार को ऐसा कानून बनाना चाहिए कि अगर कोई ऐसा दुराचार का काम करता है तो उस व्यक्ति को फांसी की सजा हो। जो ऐसा काम कर रहें हैं वे जेल की सजा काट कर फिर वापस आ रहे हैं। इस विरोध प्रदर्शन में करीब पचास महिलाओं ने भाग लिया। सभी महिलाओं ने मुंह पर काली पट्टी बांधी हुई थी जिनके मुंह से एक ही आवाज निकल रही थी अपराधियों को सजा दो।