बिलासपुर। मकर संक्रांति की पूर्व संध्या पर लोहड़ी पर्व शनिवार को बिलासपुर में धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने सुंदरिए-मुंदरिए... गीत गाकर घर-घर जाकर लोहड़ी मांगी। लोहड़ी पर्व के दिन बाजारों में खूब रौनक देखने को मिली। मूंगफली, रेवड़ियों, गज्जक व तिल के लड्डुओं की खरीदारी के लिए लोगों की खासी भीड़ उमड़ी। स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने अग्नि की पूजा-अर्चना कर एक-दूसरे को मूंगफली व रेवड़ियां बांटीं। स्थानीय दुकानदारों दीपक शर्मा, नवीन सोनी, प्रेम सोनी, राकेश शर्मा, सन्नी, राजकुमार राणा, ललित सोनी, लवली व लाल चंद ने बाजार में मूंगफली व रेवड़ियां बांटीं। उधर, बच्चों की टोलियों ने लोगों के घरों व दुकानों पर जाकर लोहड़ी गीत गाए। मंदिरों में भी लोगों का तांता लगा रहा। लोगों ने मंदिरों में माथा टेका और परिवार की सुखी शांति के लिए प्रार्थना की।