घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव के दौरान स्वच्छता के दावों की सरेआम धज्जियां उड़ रही हैं। मेले में आए कारोबारी को मजबूरी में सीर खड्ड के किनारे खुले में शौच जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं इसी सीर खड्ड का पानी सैकड़ों लोगों को पीने के लिए सप्लाई हो रहा है लेकिन इसके बाद भी स्थानीय प्रशासन इस पूरे मामले को लेकर गंभीर नहीं है।
हालांकि प्रशासन ने मेले में आए कारोबारियों को एक मात्र शौचालय बना कर रस्मों को जरूर अदा किया है। जिला प्रशासन व स्थानीय प्रशासन लोगों को सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए समय-समय पर जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन करता है लेकिन जब यही प्रशासन खुद गलती करता है तो आंखें मुद कर बैठ जाता है।
हालांकि पिछले साल भी प्रशासन ने बैठक कर तीन मोबाइल वैकल्पिक शौचालयों, मेला स्थल व आसपास लगाने के लिए कदम बढ़ाए थे पर वह सिर्फ चर्चा व फाइलों में ही दफन हो गए थे और धरातल में एक भी नहीं लग पाया था।
ऐसा ही हाल इस बार फिर से मेले में हुआ है और प्रशासन के द्वारा एक ही वैकल्पिक शौचालय की व्यवस्था कुश्ती स्थल से कुछ दूरी पर की गई। ऐसे में कारोबारियों को सीर खड्ड के आसपास शौच जाने को मजबूर है। वहीं इसी सीर खड्ड से पीने के पानी की कई योजनाएं चल रही है। हालांकि प्रशासन के द्वारा लगभग 15 लाख मेले में आए हुए व्यापारियों को प्लॉट आवंटित कर जमा हुए हैं लेकिन सुविधा के नाम पर कारोबारियों को कुछ नहीं मिल रहा है।
इनसेट...
वैकल्पिक शौचालय का किया गया है निर्माण
प्रशासन की ओर से मेले में आए हुए व्यापारियों व लोगों के लिए वैकल्पिक शौचालय का निर्माण किया गया है ताकि वे इन शौचालय का उपयोग करें जिससे सफाई व्यवस्था बनी रहे।
---शशिपाल शर्मा एसडीएम व मेला कमेटी के अध्यक्ष