अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। श्रीनयना देवी विस क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे सीएम जयराम ठाकुर ने जुखाला में जनसभा को संबोधित करते हुए बड़ी घोषणाएं की। इस मौके पर उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मार्कंडेय को सिविल अस्पताल बनाने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने जुखाला में पुलिस चौकी खोलने, नम्होल पुलिस चौकी को थाना बनाने, जुखाला में 30 लाख की लागत से लोक भवन, पानी की किल्लत के लिए 50 हैंडपंप और निहारखान-वासला में सिंचाई योजना बनाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने पंचायत घर जुखाला के लिए पंचायत भवन, लाडाघाट के लिए आईटीआई, प्राथमिक पाठशाला चांदपुर व चम्यारा को मिडल स्कूल, सीसे स्कूल रानीकोटला को विज्ञान भवन, सीसे स्कूल दयोथ व सुईं सुरहाड़ के लिए विज्ञान की कक्षाएं और छकोह के लिए वाणिज्य की कक्षाएं, मार्कंडेय से शिमला वाया रानीकोटला बस चलाने व कचोली व बाडणु के लिए छोटी बस सेवा, खारसी के लिए नया पटवारखाना बनाने की घोषण की।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने ब्रह्मपुखर-शैली सड़क तथा दियोट से लगघाट संपर्क सड़क के स्तरोन्नयन के लिए क्रमश 8.59 करोड़, 5.86 करोड़ रुपये की लागत से पूरा करने के लिए भूमि पूजन किया। कम वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए 5.02 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33.11 केवी सब स्टेशन की आधारशिला भी रखी।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि पूर्व राज्य सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए मात्र खाली घोषणाएं ही की हैं और धरातल पर कुछ भी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि 33.11 केवी सब स्टेशन दो वर्ष की अवधि में पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है और गांवों को सोलर लाइटों से जगमगाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
वहीं भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं अन्य गणमान्य लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गतिशील नेतृत्व में गत एक वर्ष के दौरान अभूतपूर्व विकास हुआ है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपना कार्यभार संभालते ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बिना किसी आय सीमा के आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया है। उन्होंने कहा कि गृहिणी सुविधा योजना से न केवल महिलाओं को लाभान्वित किया है। बल्कि पर्यावरण का बचाव भी हुआ है। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों को रखा और मुख्यमंत्री का विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की आधारशिला रखने पर धन्यवाद किया।
-------------------