बिलासपुर। जिला में डेंगू तमाम प्रयासों के बाद भी काबू में नहीं आ रहा है। वीरवार को भी जिला में डेंगू के 27 नए मामले सामने आए। हालांकि स्वास्थ्य विभाग डेंगू पर काबू पाने के बड़े बड़े दावे कर रहा है लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ भी नहीं हो पा रहा है। जिला में डेंगू का आंकड़ा 900 को पार कर चुका है।
नोडल अधिकारी डॉ. परविंद्र शर्मा ने बताया कि वीरवार को डेंगू के 27 नए मामले दर्ज किए गए। जिसमें से 6 मामले बिलासपुर शहर से, 15 मामले मारकंडे से, 2 मामले घुमारवीं से, 2 मामले झंडूता और 2 मामले जिला मंडी से दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि डेंगू से पीड़ित 142 रोगियों का उपचार चल रहा है। उनमें से डेंगू से पीड़ित 4 रोगियों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। शेष रोगियों का उपचार उनके घरों में ही चल रहा है।
उन्होंने बताया कि डेंगू रोग की रोकथाम के लिए वार्ड नंबर 4 में 11 और वार्ड नंबर 8 में 4 घरों में कीटनाशक स्प्रे किया गया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा विभिन्न वार्ड नंबर 1, 2, 3, 4, 5, 6, 8, 9 और 10 में जाकर 141 लोगों के घरों का निरीक्षण किया गया। 151 घरों की पानी की टंकियों, कूलरों और जल भंडारण के बर्तनों को खाली करवाकर उन्हें साफ करवाया गया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा लोगों को अपने घरों और आसपास की साफ-सफाई रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि वह जब भी घरों से बाहर निकले तो अपने शरीर को पूर्ण रूप से ढक कर और ओडोमोस इत्यादि कीटनाशक स्प्रे का इस्तेमाल करें तथा घरों के अंदर भी कीटनाशक स्प्रे करना सुनिश्चित बनाए ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके।