अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। जिला में ईद-उल-जुहा का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर जहां मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की, वहीं एक-दूसरे के गले मिल कर ‘ईद मुबारक’ कहा और भाई चारे का भी संदेश दिया।
बुधवार को जिला के बरठीं, घुमारवीं, झंडूता, टकरेड़ा, चकली, तामड़ी, दसलेहड़ा, कोठीपुरा, मंडी मनवां, तनबौल, स्वारघाट, इलेवाल, भाखड़ा सहित अन्य मस्जिदों में सामूहिक रूप से नमाज अदा की गई और इस त्योहार को धूमधाम से मनाया गया।
जिला मुस्लिम वेलफेयर कमेटी के प्रधान नसीम ने बताया कि इस मौके पर विद्वान मौलानाओं ने विशेष नमाज के मौके पर ईद-उल-जुहा के महत्व के बारे में लोगों को बताया। जिला की मुख्य मस्जिद रौड़ा में मुख्य मौलाना अब्दुल बहिद के नेतृत्व में नमाज अदा की गई। इस मौके पर उन्होंने बुराइयों से बचने, सच्चाई और अच्छाइयों की ओर अग्रसर रहने, मेल-मिलाप, आपसी भाईचारे का संदेश दिया। नमाज के बाद समुदाय के लोगों ने कुर्बानियों की रस्म अदा की।
बताया जाता है कि हजारों साल पहले पैगंबर इब्राहिम अपने बेटे ईस्माइल की कुर्बानी देने को तत्पर थे। इसी दौरान कुर्बानी के समय दैविय चमत्कार से वहां पर बकरा खड़ा हो गया। उसी दिन से हर साल समुदाय के लोग ईद-उल-जुहा के रोज कुर्बानी करते हैं।