बिलासपुर। किसान आंदोलन के चलते जिले में सब्जियों के दामों में इजाफा हो गया है। इसका असर बाजार में देखने को मिल रहा है। लोग महंगे दामों में सब्जियां खरीदने को विवश हैं। पिछले एक सप्ताह में सब्जियों के दामों में भारी इजाफा हुआ है। सब्जियों के दाम पांच से लेकर 15 रुपये तक बढ़ गए हैं। सब्जी विक्रेताओं की मानें तो आने वाले समय में सब्जियों के दाम ओर बढ़ सकते हैं। इसका सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ेगा।
किसानों का आंदोलन शुरू होने के साथ ही जिले में सब्जी के दाम बढ़ना शुरू हो गए। सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि किसानों के आंदोलन के कारण मंडी में काफी कम सब्जी पहुंच रही है। इस कारण सब्जी के लिए मारामारी है। अशोक कुमार, मनोज कुमार, प्रकाश, शिव कुमार, देशराज, रामलाल, पवन कुमार ने बताया कि सब्जी के दामों में बढ़ोतरी के कारण सब्जी की बिक्री बेहद कम हो गई है। विक्रेताओं का कहना है कि बाहरी राज्यों से कम मात्रा में सब्जी हिमाचल पहुंच रही है। इससे सब्जी की किल्लत पैदा हो गई है। किसानों को उचित दाम न मिल पाने से यह सब हो रहा है।