बिलासपुर। टावर लाइन शोषित जागरूकता मंच के साथ चार जिलों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिला और उन्हें अपनी समस्याओं के बारे में अवगत करवाया। इस मौके पर उनके साथ नाचन के विधायक विनोद कुमार भी थे। प्रतिनिधिमंडल में बिलासपुर, मंडी, सोलन और कुल्लू जिला के प्रभावित शामिल रहे।
प्रभावितों ने कहा कि कंपनी ने उनके घरों और बागीचों के ऊपर से जबरन टावर लाइन बिछा दी है। उनकी जमीन, घरों और गोशालाओं के ऊपर से नियमों को ताक पर रखकर टावर लाइन बिछा दी गई है। कंपनी ने किसी प्रकार का मुआवजा तक नहीं दिया है। टावर लाइनों के लिए कंपनी ने हरे पेड़ों को काट डाला है। टावर लाइन के नीचे आने वाली जमीन पर खेती नहीं हो पा रही है। जबकि टावर लाइनों में हो रहे धमाकों के कारण कई लोगों के घर जल चुके हैं।
गोहर उपमंडल में कई टावरों में करंट आ रहा है। इसके कारण जान को भी खतरा बना हुआ है। बिलासपुर और मंडी में कंपनी की अनियमितताओं के खिलाफ मजिस्ट्रेट जांच भी हो चुकी है। लोगों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस मामले की न्यायिक या सीबीआई जांच करवाई जाए, ताकि प्रभावितों और विस्थापितों को न्याय मिल सके। इस मौके पर मंडी के जिला प्रधान खुबराम सोनी, सचिव तुलसी राम, सदानंद, रोशन लाल, बिलासपुर से बाबूराम ठाकुर, मंच के प्रदेश संयोजक रजनीश शर्मा मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि टावर लाइन विस्थापितों और प्रभावितों के मामले की उचित जांच होगी।