बिलासपुर। बिलासपुर जिला की सबसे ऊंची चोटी बहादरपुर धार पर सोमवार रात को ताजा बर्फबारी होने से पर्यटकों का उमड़ना शुरू हो गया है। एकाएक मौसम के करवट लेने के बाद बिलासपुर जैसे गर्म जिला में हुई बर्फबारी से स्थानीय लोग हैरान हैं। बर्फ पड़ने की खबर सुनते ही आसपास के इलाकों के युवा बहादरपुर धार पर पहुंच गए। पर्यटन की दृष्टि से बहादरपुर धार के विकसित न पाने से स्थानीय लोगों को मलाल है।
शिवरात्रि महोत्सव से एक दिन पहले पड़ी इस बर्फबारी से स्थानीय लोगों के चेहरों पर खुशी है। बहादरपुर धार बिलासपुर के नम्होल क्षेत्र से करीब 12 किलोमीटर दूर है। यहां पर लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस भी है। यहां पर ग्रामीण भी रहते हैं जो यहां पर खेतीबाड़ी कर अपना गुजारा करते हैं। गौरतलब है कि बहादरपुर धार बिलासपुर की सबसे ऊंची धार है। हालांकि यहां पर सर्दियों में बर्फ के हल्की फाहे गिर जाते हैं। लेकिन इस बार एकाएक ही मौसम के करवट बदलने से जिस तरह बर्फबारी हुई है और जो बर्फ टिक गई है, वह स्थानीय लोगों के लिए किसी अचंभे से कम नहीं है। स्थानीय निवासी गुरदेव, रामप्यारी, अनीता, सुभाष, नीरज, गौरव सहित अन्यों का कहना है कि बर्फबारी से नम्होल से बहादरपुर धार तक ठंड बढ़ गई है। जहां बहादरपुर धार में तापमान एक डिग्री दर्ज किया गया था, वहीं नम्होल में तापमान इससे कहीं ज्यादा था। ऐसे में दस किलोमीटर के दायरे में ही बर्फबारी होने व तापमान में बदलाव होने से लोगों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।